मथुरा। दिनांक 26 जनवरी 2026 को माधव कुंज स्थित विद्या भारती ब्रज प्रदेश कार्यालय में 77वाँ गणतंत्र दिवस अत्यंत गरिमामय एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री हरीशंकर, संगठन मंत्री, विद्या भारती ब्रज प्रदेश द्वारा राष्ट्रीय ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके उपरांत उपस्थित सभी बंधुओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का सस्वर गायन कर राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
ध्वजारोहण उपरांत सभी बंधु सभागार (हॉल) में एकत्रित हुए, जहाँ कार्यक्रम का अगला चरण प्रारंभ हुआ।

श्री हरीशंकर जी द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन किया गया। इसके साथ ही उपस्थित सभी बंधुओं ने श्रद्धा भाव से माँ सरस्वती की वंदना की। इसके पश्चात सह प्रदेश निरीक्षक हरवीर सिंह चाहर ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित बंधुओं को कार्यक्रम की जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में श्री होडिल सिंह, क्षेत्रीय शारीरिक शिक्षा संयोजक द्वारा ‘वंदे मातरम्’ का सुमधुर एवं ओजपूर्ण गायन प्रस्तुत किया गया, जिसने सभागार को देशभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया।
अपने संबोधन में श्री हरीशंकर जी ने कहा कि “गणतंत्र दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि हमारे संविधान, हमारे मूल्यों और हमारी जिम्मेदारियों की निरंतर स्मृति का दिवस है। संविधान का लागू होना जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही आवश्यक है कि हम उसके मूल भाव को अपने आचरण में आत्मसात करें।
विद्या भारती शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का जो कार्य कर रही है, उसका मूल उद्देश्य भी यही है कि भावी पीढ़ी संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति से युक्त नागरिक बने। हम सभी का दायित्व है कि अपने कार्य, विचार और व्यवहार में संविधान की आत्मा को जीवंत रखें।”
उन्होंने विद्या भारती के कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा को केवल ज्ञान तक सीमित न रखते हुए संस्कार, सेवा और राष्ट्रभाव का माध्यम बनाएं। उन्होंने कहा कि विद्या भारती का कार्य जगन्नाथ जी के रथ की तरह है, यह सभी के सहयोग से निरंतर आगे बढ़ता रहेगा। हम अपने लक्ष्य के लिए मार्ग में बिना डगमगाए दृढ़ता से आगे बढ़ते रहें। धर्मांतरण, धोखा, धमकी से सावधान रहकर सामाजिक समरसता के लिए भी हम प्रतिबद्ध रहें।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से यशवीर सिंह (प्रदेश निरीक्षक, नगरीय शिक्षा), चंद्र प्रकाश द्विवेदी (उपाध्यक्ष, भारतीय शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश), डॉ. वीरी सिंह, डॉ. अजय शर्मा एवं डॉ. राम सेवक (निदेशक, प्रकाशन) की गरिमामय उपस्थिति रही। कार्यालय की ओर से हंसराज, सुरेन्द्र कुमार गोला, हुकुमचंद्र गोला, राजेंद्र कुमार, नवल जी, मदन कुमार, अमर सिंह, मुकेश चंद्र वर्मा, राकेश पाठक, विश्वेंद्र गौतम, राहुल अग्निहोत्री एवं कुमार प्रखर सहित सभी बंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ। संपूर्ण आयोजन अनुशासन, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति की भावना से परिपूर्ण रहा।