मथुरा। माधव कुंज स्थित विद्या भारती ब्रज प्रदेश कार्यालय पर स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रभक्ति एवं देशप्रेम के भाव के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण से हुआ। श्री ओम प्रकाश गंगवार विभाग संघचालक बरेली एवं अध्यक्ष शिशु शिक्षा प्रबंध समिति, श्री चंद्र प्रकाश द्विवेदी उपाध्यक्ष भारतीय शिक्षा समिति, डॉ. राकेश सारस्वत कोषाध्यक्ष भारतीय शिक्षा समिति तथा डॉ. वीरी सिंह ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात सभी उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया।
ध्वजारोहण के उपरांत वंदना सभागार में वंदना का आयोजन हुआ। इस अवसर पर शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के प्रदेश निरीक्षक श्री हरवीर सिंह चाहर ने उपस्थित अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का परिचय कराया।

मुख्य वक्ता श्री ओम प्रकाश गंगवार ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की स्वतंत्रता असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों और राष्ट्रभक्तों के त्याग, तपस्या एवं बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को स्मरण करने का दिन है। हमें अपने महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित, समाजहित और शिक्षा के क्षेत्र में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, संस्कार, अनुशासन और अपने गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता विकसित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को जन-जन तक पहुँचाने के साथ-साथ विद्यार्थियों में देश के प्रति समर्पण और कर्तव्यबोध की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएँ। यही स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को सार्थक बनाने का श्रेष्ठ माध्यम है।
कार्यक्रम में विद्या भारती ब्रज प्रदेश कार्यालय के सभी बंधु उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रदेश निरीक्षक श्री यशवीर सिंह, श्री रामकिशोर श्रीवास्तव, डॉ. रामसेवक, श्री अंकुर जी सीए, श्री राजहंस, श्री सुनील कुमार, श्री राजेन्द्र कुमार, श्री मदन कुमार, श्री राकेश पाठक, श्री मुकेश वर्मा, श्री विश्वेन्द्र गौतम, श्री नवल कुमार एवं श्री कुमार प्रखर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।