विद्या भारती ब्रज प्रदेश की गौरवपूर्ण विकास यात्रा, संघर्ष, साधना, उपलब्धियों और प्रेरणादायी कार्यों को संजोने वाली ऐतिहासिक कृति ‘धरोहर’ का भव्य लोकार्पण भाऊ राव देवरस सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नोएडा में संपन्न हुआ।
‘धरोहर’ का लोकार्पण विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के अखिल भारतीय संगठन मंत्री श्री गोबिंद चन्द्र महंत, केन्द्रीय अभिलेखागार टोली के सदस्य एवं पूर्व महामंत्री डॉ. ललित बिहारी गोस्वामी तथा केन्द्रीय टोली के सदस्य डॉ. उमेश वर्मा के कर-कमलों से हुआ।
इस अवसर पर विद्या भारती के अभिलेखीय कार्य को दिशा देने वाले अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। क्षेत्रीय अभिलेखागार प्रमुख श्री कमल कुमार शर्मा, ‘धरोहर’ के प्रधान संपादक एवं प्रान्त संयोजक अभिलेखागार, विद्या भारती ब्रज प्रदेश डॉ. रामसेवक, तथा संपादक एवं सह संयोजक अभिलेखागार, विद्या भारती ब्रज प्रदेश श्री नेत्रपाल सिंह यादव सहित देश के विभिन्न प्रान्तों से आए 46 अभिलेखागार संयोजक इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बने।

‘धरोहर’ केवल एक प्रकाशन नहीं, बल्कि विद्या भारती ब्रज प्रदेश की विकास यात्रा, संगठन-साधना और पीढ़ियों के समर्पण का दस्तावेज है। इसमें उन कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, आचार्यों, प्रबंध समितियों, विद्यालयों और विभिन्न गतिविधियों की यात्रा को सहेजा गया है, जिन्होंने राष्ट्रवादी एवं संस्कारयुक्त शिक्षा के इस महायज्ञ को निरंतर आगे बढ़ाया। वर्षों की साधना, अनुभव और स्मृतियों को अभिलेखीय रूप देकर भावी पीढ़ी तक पहुँचाने का यह महत्वपूर्ण प्रयास है।
लोकार्पण समारोह में उपस्थित अभिलेखागार संयोजकों की सहभागिता ने इस अवसर को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया। यह आयोजन इस संकल्प का भी प्रतीक बना कि इतिहास केवल अतीत की स्मृति नहीं, बल्कि भविष्य के निर्माण की प्रेरणा है। ‘धरोहर’ आने वाली पीढ़ियों को विद्या भारती के कार्य की जड़ों, उसके विकासक्रम और राष्ट्रजीवन में उसके योगदान से परिचित कराने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विद्या भारती ब्रज प्रदेश की विकास यात्रा को शब्दों और दस्तावेजों में सहेजने वाली यह कृति निश्चित रूप से संगठन की स्मृतियों, संस्कारों और साधना की अमूल्य विरासत बनकर लंबे समय तक प्रेरणा देती रहेगी।