शाहजहांपुर। संजय कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, शाहजहांपुर के तत्वावधान में शनिवार, 07 फरवरी को छात्रों के लिए एक शैक्षिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के लगभग 300 छात्र–छात्राओं के साथ आचार्य एवं आचार्याएं भी सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रों को अंबा सिनेप्लेक्स, शाहजहांपुर में “गोदान” फिल्म दिखाई गई। यह फिल्म गौ रक्षा एवं भारतीय ग्रामीण संस्कृति पर आधारित है, जिसने छात्रों को नैतिक मूल्यों, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। फिल्म के माध्यम से बच्चों में गौ माता के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जागरूकता उत्पन्न हुई।

फिल्म प्रदर्शन के उपरांत सभी छात्रों को कैंट स्थित शहीद संग्रहालय ले जाया गया, जहाँ उन्होंने देश के वीर शहीदों के बलिदान, इतिहास एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। संग्रहालय भ्रमण से छात्रों में देशप्रेम, अनुशासन एवं त्याग की भावना का विकास हुआ।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सौरभ वार्ष्णेय ने इस अवसर पर कहा कि ऐसे शैक्षिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। विद्यालय का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि छात्रों में संस्कार, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक चेतना विकसित करना भी है।
विद्यालय के प्रबंधक राकेश अग्रवाल ने कहा कि छात्रों को वास्तविक जीवन से जोड़ने वाले इस प्रकार के कार्यक्रम उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वहीं विद्यालय के अध्यक्ष रमेश चंद्र सक्सेना ने बताया कि सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं नैतिक मूल्यों पर आधारित ऐसे आयोजनों से छात्रों में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना प्रबल होती है।
कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय के समस्त आचार्य–आचार्याओं का विशेष योगदान रहा। छात्रों ने इस आयोजन को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया।