फिरोजाबाद। विद्या भारती की योजना के अनुसार शिक्षा के मानकों की समीक्षा हेतु राधा मोहन फरसैया सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सिरसागंज में दिनांक 16 दिसंबर से 17 दिसंबर 2025 तक आयोजित दो दिवसीय वार्षिक अवलोकन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री सतीश कुमार समर्थ, श्री सुभाष कुमार जी एवं श्री सूर्य प्रकाश जी द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया गया। वंदना के उपरांत विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गिरिराज सिंह जादौन जी ने मंचासीन पदाधिकारियों का परिचय कराया तथा सभी को पटका उड़ाकर सम्मानित किया।
प्रांतीय पर्यवेक्षक श्री सतीश कुमार जी समर्थ (प्रबंधक, सरस्वती शिशु मंदिर सिरसागंज एवं प्रांतीय कार्यकारिणी अध्यक्ष, जनशिक्षा समिति ब्रज प्रदेश) ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा—
- मन को रखती सुपावन मेरी बेटियां। वारती घर पे तन-मन मेरी बेटियां।।
- वेद की हैं ऋचाएं, इनकी पूजा करो। नभ की गंगा-सी पावन मेरी बेटियां।।
इस अवसर पर निरीक्षक बंधुओं द्वारा श्री कर्मवीर सिंह जी के निर्देशन में तैयार हस्तलिखित पत्रिका “स्पंदन” का विमोचन किया गया। साथ ही श्री भ्रमर कुमार जी, श्री शशिकांत जी एवं श्री नरेंद्र सिंह जी के निर्देशन में संचालित कौशल विकास कार्यक्रम के अंतर्गत प्राकृतिक जड़ी-बूटियों से निर्मित दंत मंजन एवं स्नान हेतु साबुन निरीक्षण दल को भेंट किए गए।

इस अवलोकन के दौरान विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था, प्रशासनिक दक्षता एवं संसाधनों के प्रभावी उपयोग का गहन मूल्यांकन किया गया। इस महत्वपूर्ण अवलोकन के लिए विद्या भारती संगठन के शिक्षा क्षेत्र के तीन अनुभवी एवं विशिष्ट व्यक्तियों—प्रांतीय पर्यवेक्षक श्री सतीश कुमार जी समर्थ (अध्यक्ष, जनशिक्षा समिति ब्रज प्रदेश), श्री सुभाष कुमार जी (प्रधानाचार्य, चिरोंजी लाल वीरेंद्र पाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, पीलीभीत) तथा श्री सूर्य प्रकाश जी मिश्रा (कार्यालय प्रमुख) द्वारा विद्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षक दल ने छात्रों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों से संवाद स्थापित करते हुए कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय तथा समस्त प्रशासनिक अभिलेखों की बारीकी से जांच की।
निरीक्षक दल ने कॉलेज की समग्र व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने शिक्षकों द्वारा पाठ्यक्रम को व्यवस्थित रूप से पूर्ण करने तथा छात्र-केंद्रित शिक्षण विधियों के उपयोग की सराहना की। साथ ही कॉलेज के सुदृढ़ अनुशासन एवं सुव्यवस्थित प्रशासनिक अभिलेखों को अनुकरणीय बताया। दल ने अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं एवं परिसर की उत्कृष्ट स्वच्छता तथा रखरखाव पर भी संतोष प्रकट किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गिरिराज सिंह जादौन जी ने कहा कि माननीय निरीक्षण दल का मार्गदर्शन हमारे लिए अमूल्य है। यह सफल अवलोकन हमारे शिक्षक-छात्र समुदाय के समर्पण का प्रमाण है। हम अपनी कमियों पर कार्य करते हुए इन उच्च शैक्षिक मानकों को बनाए रखने के लिए संकल्पित हैं।
दो दिवसीय समीक्षा के समापन अवसर पर प्रधानाचार्य श्री गिरिराज सिंह जादौन जी ने निरीक्षण दल के सभी सदस्यों को स्मृति-चिह्न एवं उपहार भेंट कर आभार व्यक्त किया।