छर्रा। श्री शांति देवी कल्याण दास सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, छर्रा के मेधावी छात्र भैया अर्पित महेश्वरी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर विद्यालय, अपने परिवार, समाज तथा पूरे नगर का नाम गौरवान्वित किया है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य बालकृष्ण अग्रवाल ने अर्पित महेश्वरी को शुभकामनाएँ एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए मंगलकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सफलता केवल एक परीक्षा में उत्तीर्ण होने का परिणाम नहीं, बल्कि वर्षों के अनुशासित परिश्रम, लक्ष्य के प्रति समर्पण, नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि अर्पित की उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी तथा प्रत्येक छात्र को यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और निरंतर प्रयास किया जाए तो कोई भी सफलता असंभव नहीं होती।

प्रधानाचार्य श्री अग्रवाल ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अर्पित महेश्वरी के संघर्ष, अनुशासन, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच से प्रेरणा लेकर अपने जीवन के लक्ष्य निर्धारित करें तथा मोबाइल और अन्य अनावश्यक व्यस्तताओं से दूर रहकर नियमित अध्ययन एवं स्वाध्याय की आदत विकसित करें।
विद्यालय की प्रबंध समिति के अध्यक्ष राजीव बंसल, उपाध्यक्ष सुभाष अग्रवाल, प्रबंधक राकेश गर्ग, कोषाध्यक्ष विपुल गुप्ता सहित समस्त प्रबंध समिति एवं विद्यालय परिवार ने अर्पित महेश्वरी को हार्दिक शुभकामनाएँ एवं आशीर्वाद प्रदान करते हुए उसके उज्ज्वल चिकित्सकीय जीवन की कामना की।
प्रधानाचार्य श्री बालकृष्ण अग्रवाल ने जानकारी दी कि विद्यालय परिवार की ओर से सोमवार को विद्यालय परिसर में छात्र अर्पित महेश्वरी के सम्मान में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं प्रबंध समिति के सदस्य उपस्थित रहकर इस होनहार छात्र का अभिनंदन करेंगे। विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि अर्पित भविष्य में एक कुशल एवं संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज और राष्ट्र की उत्कृष्ट सेवा करेगा तथा विद्यालय का गौरव निरंतर बढ़ाता रहेगा।