वृंदावन। 12 जनवरी 2026। मथुरा जनपद के वृंदावन स्थित सत्यादेवी गर्ग सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान ब्रज प्रदेश के अंतर्गत संचालित शिशु वाटिका प्रमुखों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य शिशु वाटिका शिक्षा के वर्तमान स्वरूप की समीक्षा करते हुए उसे और अधिक प्रभावी बनाना रहा।
बैठक से पूर्व श्री डोमेश्वर साहू, क्षेत्रीय संगठन मंत्री, विद्या भारती पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्र ने विद्यालय की शिशु वाटिका का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों से संवाद स्थापित कर उनकी गतिविधियों, सीखने की प्रक्रिया एवं वातावरण का निरीक्षण किया तथा योजनानुसार चल रहे कार्यों की सराहना की।
बैठक का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री डोमेश्वर साहू, श्री हरिशंकर (संगठन मंत्री, विद्या भारती ब्रज प्रदेश) तथा विद्यालय प्रबंधक डॉ. राकेश सारस्वत की गरिमामयी उपस्थिति रही।
विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र दत्त शर्मा ने विद्या भारती से पधारे सभी अतिथियों का परिचय कराते हुए उन्हें पटका एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

अपने मार्गदर्शन उद्बोधन में श्री डोमेश्वर साहू ने कहा कि शिशु वाटिका, विद्या भारती द्वारा संचालित एक सशक्त पूर्व-प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था है, जो 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं संस्कारात्मक विकास पर केंद्रित है। उन्होंने बताया कि शिशु वाटिका में खेल, रचनात्मकता एवं क्रिया-आधारित शिक्षण के माध्यम से बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी भारतीय संस्कृति और जीवन-मूल्यों से जोड़ा जाता है। उन्होंने शिशु वाटिकाओं में हो रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए उनके संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।
बैठक में प्रमुख रूप से यशवीर सिंह (प्रदेश निरीक्षक, नगरीय शिक्षा), हरवीर सिंह चाहर (सह-प्रदेश निरीक्षक, शिशु शिक्षा समिति), श्री राम किशोर वास्तव (प्रांत शिशु वाटिका प्रमुख), श्री सुरेन्द्र कुमार गोला एवं श्रीमती रुचिरा जी उपस्थित रहीं।
इसके अतिरिक्त विद्यालय के अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश द्विवेदी, सह-प्रबंधिका श्रीमती निधि गर्ग तथा विद्यालय का समस्त स्टाफ भी कार्यक्रम में उपस्थित रहा। बैठक के माध्यम से शिशु वाटिका शिक्षा को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं उद्देश्यपूर्ण बनाने पर सामूहिक चिंतन किया गया।