मथुरा। दिनांक 27 जनवरी 2026 सत्या देवी गर्ग सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, कैलाश नगर, वृन्दावन में रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में नव-निर्मित दो कौशल विकास कक्षों का लोकार्पण गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। लोकार्पण कार्यक्रम विद्या भारती ब्रज प्रदेश के संगठन मंत्री श्री हरीशंकर के कर-कमलों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष श्री चंद्र प्रकाश द्विवेदी जी, प्रबंधक डॉ. राकेश सारस्वत जी सहित विद्यालय की प्रबंध समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यालय में अधोसंरचना विकास एवं कौशल आधारित शिक्षा को सुदृढ़ करने की इस पहल की सराहना की।

लोकार्पण उपरांत वंदना परिषद की बैठक आयोजित की गई, जिसमें माननीय संगठन मंत्री श्री हरीशंकर जी ने वंदना के शुद्ध उच्चारण पर विशेष बल देते हुए आचार्यों को उसके भावार्थ सहित कंठस्थ करने की प्रेरणा प्रदान की। उन्होंने कहा कि वंदना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि संस्कार निर्माण का सशक्त माध्यम है। इस बैठक में वंदना प्रमुख श्रीमती अर्चना त्रिपाठी जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
आचार्य बैठक को संबोधित करते हुए माननीय संगठन मंत्री जी ने गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर जोर दिया तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 के अनुरूप शिक्षण कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने ‘पंच परिवर्तन’ के आधार पर शिक्षण व्यवस्था में सुधार हेतु अपने अमूल्य सुझाव प्रस्तुत किए और कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को कौशल, संस्कार और स्वावलंबन से युक्त शिक्षा देना अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य बंधु एवं आचार्या बहिनें उपस्थित रहीं। बैठक में पं. दे. धानुका विद्यालय के प्रबंधक श्री शिवेन्द्र गौतम जी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, शिक्षा एवं संस्कार के संकल्प के साथ हुआ।