कासगंज। स्थानीय नाथूराम सुशीला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज गंजडुंडवारा में ‘वैदिक गणित आचार्य प्रशिक्षण वर्ग’ का भव्य शुभारंभ हुआ। यह पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 23 जून से 28 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
उद्घाटन सत्र में गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र में मुख्य रूप से अखिल भारतीय वैदिक गणित संयोजक श्रीमान देवेंद्र राव देशमुख जी, क्षेत्र संयोजक वैदिक गणित एवं जन शिक्षा समिति के प्रदेश निरीक्षक श्रीमान देवेंद्र यादव जी, सह क्षेत्रीय वैदिक गणित संयोजक श्रीमान बालकिशन अग्रवाल जी, प्रांत वैदिक गणित संयोजक श्री प्रमोद पांडे जी और सह प्रांत संयोजक श्री केशव सिंह जी एवं नगर के प्रतिष्ठित डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर डॉक्टर अनूप गुप्ता जी प्राध्यापक गणित विभाग उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रबंधक मनमोहन अग्रवाल जी ने सभी अतिथियों का पटका पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य श्री गिरीश कुमार जी द्वारा किया गया, जिन्होंने सभी आगंतुकों का परिचय कराया।

इस अवसर पर श्री देशमुख जी ने अपने संबोधन में वैदिक गणित की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “एआई (AI) भी गणित पर ही आधारित है और वर्तमान युग में इसकी उपयोगिता अत्यंत बढ़ गई है। गणित के बिना कोई भी भाषा अपूर्ण है।”
विशेषज्ञों ने बताया कि वैदिक गणित के माध्यम से कठिन से कठिन सवालों को कम समय और कम शब्दों में सटीक तरीके से हल किया जा सकता है। आज की प्रतिस्पर्धात्मक परिस्थितियों में यह तकनीक विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही है। विद्या भारती अपनी प्राचीन संस्कृति एवं गौरवशाली विरासत को संजोते हुए शिक्षकों के ज्ञान, कौशल एवं व्यक्तित्व विकास के लिए प्रतिवर्ष ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करती है।
यह प्रशिक्षण वर्ग विद्या भारती ब्रज प्रदेश के दिशा-निर्देशन में चल रहा है। इसमें प्रांत की पांचों समितियों के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों से गणित के विशेषज्ञ शिक्षक प्रतिभागी के रूप में सम्मिलित हुए हैं। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य वैदिक गणित को जमीनी स्तर पर विद्यार्थियों के लिए सुलभ बनाना और उसे पाठ्यक्रम में प्रभावी ढंग से लागू करने की योजना तैयार करना है। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त आचार्य बंधुओ ने व्यवस्थाओं की सारी जिम्मेदारियां संभाली है.।
प्रशिक्षक के तौर पर श्री केशव सिंह , श्रीमती स्वीटी , श्री संजय , श्री धर्मेंद्र , श्री खरगजीत एवं विद्यालय के आचार्य उपस्थित रहे।