गंजडुंडवारा (कासगंज)। नाथूराम सुशीला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, गंजडुंडवारा में विद्या भारती ब्रज प्रदेश के संगठन मंत्री श्री हरीशंकर जी तथा प्रदेश निरीक्षक (नगरीय शिक्षा) श्री यशवीर सिंह जी का प्रवास संपन्न हुआ। इस प्रवास का मुख्य उद्देश्य विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों की समीक्षा करना एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 (NEP 2020) के प्रभावी क्रियान्वयन को गति प्रदान करना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन मंत्री श्री हरिशंकर जी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का लक्ष्य व्यक्ति निर्माण के माध्यम से परम वैभवशाली राष्ट्र का पुनरुत्थान करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्या भारती अपने विद्यालयों के माध्यम से इसी लक्ष्य की प्राप्ति हेतु निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का प्रत्येक आचार्य ‘राष्ट्र शिल्पी’ है, जो छात्रों में संस्कार, अनुशासन एवं राष्ट्रीयता के भाव विकसित कर राष्ट्र के भविष्य को सुदृढ़ बना रहा है।
प्रदेश निरीक्षक श्री यशवीर सिंह जी ने विद्यालय की विभिन्न शैक्षिक एवं सहशैक्षिक गतिविधियों का निरीक्षण करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखकर उसे व्यावहारिक एवं कौशल-आधारित बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने विद्या भारती के ‘पंचप्राण’ और नई शिक्षा नीति के मानकों के समन्वय पर बल देते हुए छात्रों के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास को आवश्यक बताया। साथ ही, रटंत विद्या के स्थान पर शोध, नवाचार और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
अधिकारियों द्वारा विद्यालय के वंदना सत्र, प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर कक्ष एवं खेल परिसर का अवलोकन किया गया। उन्होंने विद्यालय के अनुशासित वातावरण एवं शैक्षिक गुणवत्ता की प्रशंसा की।

