श्री शांति देवी कल्याणदास सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, छर्रा के स्काउट एवं गाइड दल द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट परिचय देते हुए नगर के प्राचीन शिव मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं ने मंदिर परिसर एवं उसके आसपास की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।
यह अभियान स्काउट एवं गाइड प्रमुख श्री मदनलाल के नेतृत्व तथा श्री राजाराम के सहयोग से संपन्न हुआ। विद्यार्थियों ने श्रमदान करते हुए स्वच्छ वातावरण के महत्व को व्यवहार में उतारकर समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य बालकृष्ण अग्रवाल ने कहा कि “स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि श्रेष्ठ जीवन-पद्धति और संस्कारित नागरिक का परिचायक है। जहाँ स्वच्छता होती है, वहीं स्वास्थ्य, अनुशासन, सकारात्मकता और आध्यात्मिकता का वास होता है। प्रत्येक विद्यार्थी को अपने घर, विद्यालय, मंदिर तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता को अपना नैतिक दायित्व मानते हुए समाज में जागरूकता फैलानी चाहिए।” उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से ऐसे सेवा कार्यों में सहभागी बनने का आह्वान किया।

विद्यालय के अध्यक्ष राजीव बंसल एवं प्रबंधक राकेश गर्ग ने विद्यार्थियों के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूक नागरिक ही विकसित और संस्कारित राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों में निरंतर सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के उपाध्यक्ष सुभाष अग्रवाल तथा कोषाध्यक्ष विपुल गुप्ता ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ एवं आशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा कि सेवा, अनुशासन और स्वच्छता जैसे संस्कार ही विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को ऊँचाइयों तक पहुँचाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।
स्वच्छता अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने “स्वच्छ मंदिर–स्वच्छ नगर” का संदेश देते हुए समाज को स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में सहभागी बनने का प्रेरणादायी संदेश दिया।