सरस्वती विद्या मंदिर ब्रज प्रदेश प्रकाशन में बसंत पंचमी पर सरस्वती पूजन एवं हवन सम्पन्न
मथुरा। दिनांक 23 जनवरी 2026। सरस्वती विद्या मंदिर ब्रज प्रदेश प्रकाशन में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर ज्ञान, विद्या और संस्कार की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती के पूजन एवं हवन कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। यह आयोजन श्रद्धा, आस्था और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के अनुरूप अत्यंत गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भारतीय शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के उपाध्यक्ष श्री चंद्र प्रकाश द्विवेदी, डॉ. प्रहलाद सिंह, विद्या भारती ब्रज प्रदेश के शैक्षिक प्रमुख डॉ. राकेश सारस्वत, शिक्षण प्रशिक्षण प्रमुख डॉ. अजय शर्मा, प्रदेश निरीक्षक (नगरीय शिक्षा) श्री यशवीर सिंह तथा सरस्वती विद्या मंदिर ब्रज प्रदेश प्रकाशन के निदेशक डॉ. राम सेवक ने संयुक्त रूप से सरस्वती पूजन एवं हवन संपन्न कराया। इस अवसर पर विद्या भारती ब्रज प्रदेश कार्यालय से अनेक बंधु-भगिनी भी उपस्थित रहे।
प्रदेश निरीक्षक श्री यशवीर सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि “बसंत पंचमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि ज्ञान और विवेक को जीवन में स्थापित करने का अवसर है। सरस्वती पूजन के माध्यम से हम अपने विचार, व्यवहार और कार्यशैली को शुद्ध करने का संकल्प लेते हैं।”

भारतीय शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के उपाध्यक्ष श्री चंद्र प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि “बसंत ऋतु जीवन में नवीनता, सकारात्मकता और ऊर्जा का संचार करती है। आज के भौतिकतावादी परिवेश में बसंत पंचमी जैसे पर्व हमें भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करते हैं।”
डॉ. प्रहलाद सिंह (उपाध्यक्ष) ने यज्ञ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज और पर्यावरण की शुद्धि का माध्यम है। यह हमें त्याग, सेवा और समर्पण की भावना से जोड़ता है।”
शैक्षिक प्रमुख डॉ. राकेश सारस्वत ने कहा कि “बसंत पंचमी शिक्षा जगत के लिए विशेष महत्व रखती है। माँ सरस्वती का पूजन हमें निरंतर अध्ययन, अनुसंधान और श्रेष्ठ आचरण की प्रेरणा देता है, जो आज के समय में अत्यंत आवश्यक है।”
सरस्वती विद्या मंदिर ब्रज प्रदेश प्रकाशन के निदेशक डॉ. राम सेवक ने सभी को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “बसंत पंचमी भारतीय परंपरा का एक महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे निरंतर मनाते रहना चाहिए। यह पर्व हमारी सांस्कृतिक चेतना को सशक्त बनाता है और आने वाली पीढ़ियों को संस्कारवान बनाने की दिशा में प्रेरित करता है।”
इस अवसर पर कार्यालय से सह प्रदेश निरीक्षक श्री हरवीर सिंह चाहर, प्रांत शिशुवाटिका प्रमुख श्री रामकिशोर वास्तव, श्री सुरेन्द्र कुमार गोला, श्री राजेंद्र कुमार, श्री राकेश पाठक, श्री विश्वेंद्र गौतम, श्री नवल जी, श्री मदन पाल, श्री हुकुम चंद्र गोला, श्री अमर सिंह, श्री मुकेश चंद्र वर्मा एवं कुमार प्रखर सहित अनेक बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ।





