सत्या देवी गर्ग सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज वृन्दावन में हर्षोल्लास के साथ मना 77वां गणतंत्र दिवस
मथुरा। 26 जनवरी 2026। सत्या देवी गर्ग सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, कैलाश नगर, वृन्दावन में 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत उत्साह, अनुशासन एवं देशभक्ति के वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर को राष्ट्रीय ध्वज एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण से सुसज्जित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के अध्यक्ष श्री चंद्र प्रकाश द्विवेदी जी एवं प्रबंधक डॉ. राकेश सारस्वत जी द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत विद्यालय परिसर में राष्ट्रगान गूंज उठा, जिससे वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। इसके पश्चात मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने सराहना के साथ देखा। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में राष्ट्रप्रेम, एकता और संस्कारों की स्पष्ट झलक देखने को मिली। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री नरेंद्र दत्त शर्मा ने कार्यक्रम में पधारे अतिथियों का परिचय कराते हुए पटका पहनाकर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री होडिल सिंह (क्षेत्रीय शारीरिक शिक्षा संयोजक) ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और राष्ट्र के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और सेवा भाव को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
विद्यालय के अध्यक्ष श्री चंद्र प्रकाश द्विवेदी जी ने अपने संबोधन में सभी को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन एवं धर्म की रक्षा के लिए सदैव जागरूक रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक डॉ. राकेश सारस्वत जी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सह प्रबंधिका श्रीमती निधि गर्ग, प्रधानाचार्य नरेंद्र दत्त शर्मा, डॉ. राम सेवक, कालीचरण गौतम, रेवती राम, नवल जी, आशुतोष भारद्वाज सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों एवं पूर्व छात्रों की सहभागिता रही। विद्यालय के सभी आचार्य बंधुओं एवं आचार्या बहिनों के समर्पित परिश्रम से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उपस्थितजनों ने कार्यक्रम की भूरी-भूरी प्रशंसा की।





