विद्या मंदिरों में दिया जाता है संस्कार पक्ष को विशेष महत्व – जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह

प्रेरणा कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाली छात्रा सगुन सिंह को किया जिलाधिकारी ने सम्मानित।
संजय विद्या मंदिर को मिलेंगे तीरंदाजी एवं निशानेबाजी प्रशिक्षण के उपकरण : जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह।
संजय विद्या मंदिर संस्कार पक्ष को विकसित करने के साथ प्रत्येक वर्ष जिले को देता है नया मेधावी : जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार।
शाहजहांपुर। विद्या भारती द्वारा संचालित संजय कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज शाहजहांपुर में दिनांक 23 जनवरी को प्रेरणा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्या भारती के विद्यालयों में छात्रों के संस्कार पक्ष को विशेष महत्व दिया जाता है। उन्होंने नारी शक्ति पर बल देते हुए कहा कि हमें ऐसे नागरिक बनना चाहिए जो महिलाओं का सम्मान करें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक छात्र को शिक्षा के साथ कोई अन्य कौशल भी सीखना चाहिए, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके। जिलाधिकारी ने विद्यालय के अनुशासित वातावरण की सराहना करते हुए तीरंदाजी एवं निशानेबाजी प्रशिक्षण हेतु उपकरण उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

प्रेरणा कार्यक्रम, जो शिक्षा मंत्रालय द्वारा संचालित एक अनुभवात्मक शिक्षण पहल है, गुजरात के मेहसाणा जिले के वडनगर में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में देशभर से 20 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इनमें शाहजहांपुर के संजय कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की कक्षा 11 की छात्रा सगुन सिंह ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में सुभाष चंद्र बोस जयंती पर विद्यालय में प्रेरणा सम्मान समारोह आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह और विशेष अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक श्री हरिवंश कुमार ने समारोह की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत से हुआ। जिलाधिकारी ने सगुन सिंह द्वारा बनाई गई पेंटिंग का अनावरण किया और यूपी दिवस के सेल्फी प्वाइंट का उद्घाटन किया। इसके पश्चात् उन्होंने वंदना कक्ष में मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर शहीदों को माल्यार्पण किया।

इसके बाद विद्यालय के छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। साथ ही छात्रों ने स्वामी विवेकानंद और सुभाष चंद्र बोस के स्वरूप में देशप्रेम का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सौरभ वार्ष्णेय ने प्रेरणा कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत की। इसके बाद अतिथियों ने सगुन सिंह और उनकी अभिभावक शिक्षिका प्रियंका रानी को सम्मानित किया। सगुन सिंह और प्रियंका रानी ने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रेरणा कार्यक्रम का उद्देश्य स्पष्ट किया।
जिलाधिकारी ने अखिल भारतीय स्तर पर वैदिक गणित और भारोत्तोलन में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को भी सम्मानित किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक श्री हरिवंश कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि संजय विद्या मंदिर जिले का एकमात्र विद्यालय है, जो छात्रों में संस्कार पक्ष को विकसित करने के साथ हर वर्ष जिले को नया मेधावी प्रदान करता है।
कार्यक्रम का समापन विद्यालय के अध्यक्ष रमेश चंद्र सक्सेना द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार गर्ग, कोषाध्यक्ष भुवनेश गुप्ता, सदस्य रवि मिश्रा और समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।