संस्कारयुक्त शिक्षा ही श्रेष्ठ नागरिकों का निर्माण करती है – महेंद्र जी
विद्या भारती ब्रज प्रदेश द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जी.टी. रोड, एटा के प्रांगण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्रशासनिक सदन एवं भौतिक संसाधनों के नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण तथा विवेकानंद सदन से निवेदिता सदन तक अटल मार्ग पर निर्मित कॉरिडोर का लोकार्पण क्षेत्रीय संगठन मंत्री, विद्या भारती पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्र मा. डोमेश्वर साहू जी एवं प्रदेश संगठन मंत्री, विद्या भारती ब्रज प्रदेश हरीशंकर जी ने स्थानीय मातृ संस्था स्वामी विवेकानंद शिक्षा प्रसार समिति एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों की उपस्थिति में पट्टिकाओं का अनावरण किया।

यह प्रतिभा सम्मान समारोह सत्र 2025-26 में सम्पन्न विभिन्न शैक्षिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं तथा बोर्ड परीक्षाओं में ब्रज प्रांत के विभिन्न जिलों से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों, शिक्षकों को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
लोकार्पण के उपरांत प्रतिभा सम्मान समारोह का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का परिचय प्रदेश निरीक्षक, जन शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश देवेंद्र कुमार ने कराया, जबकि कार्यक्रम की प्रस्ताविकी प्रदेश निरीक्षक, भारतीय शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश यशवीर सिंह ने प्रस्तुत की।


मुख्य अतिथि क्षेत्र प्रचारक महेंद्र जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि महर्षि अरविंद ने भारत की अखंडता के लिए श्रेष्ठ शिक्षा प्रणाली को आवश्यक बताया था। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए कहा कि वे विद्यार्थियों को विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करते थे। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सम्मान समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित करना है। शिक्षा केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि राष्ट्र एवं समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने वाले संस्कारित नागरिक तैयार करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा आर्थिक परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती, बल्कि परिश्रम, एकाग्रता, लगन, संस्कार, श्रद्धा एवं समर्पण के बल पर विद्यार्थी उच्चतम शिखर तक पहुँच सकते हैं। विद्या भारती ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनकी आर्थिक स्थिति से ऊपर उठकर भविष्य निर्माण के अवसर उपलब्ध कराती है। इसके उपरांत क्षेत्र प्रचारक महेंद्र जी ने मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय संगठन मंत्री, विद्या भारती पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्र डोमेश्वर साहू जी ने कहा कि आज का समारोह मेधावी विद्यार्थियों एवं उत्कृष्ट परिणाम देने वाले शिक्षकों के सम्मान का गौरवपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि देशभर में विद्या भारती द्वारा संचालित विद्यालयों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं तथा वर्तमान में अंडमान-निकोबार द्वीप समूह तक विद्या भारती के विद्यालय संचालित हैं। उन्होंने कहा कि विद्या भारती का लक्ष्य संस्कारयुक्त एवं श्रेष्ठ नागरिकों का निर्माण करना है। औपचारिक शिक्षा के साथ व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए संस्कारयुक्त शिक्षा आवश्यक है।
उन्होंने आगे कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा के विकास के लिए विद्या भारती समय-समय पर विभिन्न शारीरिक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं का आयोजन करती है। चयनित प्रतिभाओं को उनकी रुचि के अनुरूप मंच उपलब्ध कराकर प्रशिक्षित किया जाता है तथा उन्हें सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जाता है। उन्होंने बताया कि विद्या भारती की पूर्व छात्र परिषद के माध्यम से विद्यार्थियों का विद्यालय से निरंतर जुड़ाव बना रहता है तथा इसके लिए एक पोर्टल भी विकसित किया गया है। पूर्व छात्र समय-समय पर समाज एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाते हैं।
समारोह में ब्रज प्रांत के विभिन्न विद्यालयों के कक्षा 10 एवं 12 की बोर्ड परीक्षाओं में श्रेष्ठ परिणाम देने वाले चयनित प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं खेल प्रशिक्षकों को क्षेत्र प्रचारक महेंद्र जी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू जी तथा भारतीय शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
इसके साथ ही कुश्ती, जूडो, कुराश, हैंडबॉल, आर्चरी, कबड्डी, प्रतिभा खोज, बाधा दौड़, फुटबॉल, गणित मेला, ताइक्वांडो, वेटलिफ्टिंग, बॉक्सिंग, सांस्कृतिक प्रश्न मंच, आशु भाषण, गणित प्रदर्श, टेबल टेनिस, वू-शू, कराटे, बास्केटबॉल, हॉकी, एथलेटिक्स सहित विभिन्न प्रांतीय स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री तथा भारतीय शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के अध्यक्ष राकेश गर्ग, सदस्य राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश शासन रेनू गौड़, भारतीय शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष चंद्र प्रकाश द्विवेदी एवं कोषाध्यक्ष डॉ. राकेश सारस्वत, प्रदेश निरीक्षक शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश हरवीर सिंह, प्रदेश निरीक्षक देवेंद्र कुमार, क्षेत्रीय शारीरिक शिक्षा संयोजक होड़िल सिंह, सूरज प्रसाद डागा इंटर कॉलेज कासगंज के प्रधानाचार्य डॉ. भूपेंद्र सिंह, स्वामी विवेकानंद शिक्षा प्रसार समिति के अध्यक्ष बृजनंदन माहेश्वरी, मंत्री संजीव गोयल, कोषाध्यक्ष मनीष अग्रवाल, सरस्वती विद्या मंदिर के अध्यक्ष वीरेंद्र वार्ष्णेय, कोषाध्यक्ष डॉ. राजेश सक्सेना, डॉ. राकेश सक्सेना, डॉ. ए.के. सक्सेना, बी.एल. वर्मा, सर्वेश बाबू दीक्षित, दिनेश पाल सिंह, हरी बाबू गुप्ता, सुधीर गुप्ता, शिव शंकर, राकेश सारस्वत, , विक्रम सिंह प्रेमी, अनिल कुमार, राजेश शर्मा, प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता, शैक्षिक प्रमुख प्रेमचंद, उपप्रधानाचार्य संजीव मिश्रा, वरिष्ठ आचार्य डॉ. अरुण राजोरिया, सत्य प्रकाश पाठक, आलोक त्रिवेदी, रमन प्रताप सिंह, राजेंद्र सिंह, डॉ. संजीव सिंह, योगेश कुमार मिश्रा, नागेश अग्निहोत्री, डॉ. योगेंद्र सिंह, डॉ. राहुल शर्मा, अंकुर गोयल, ललित बघेल, मनोज कुमार सिंह, शैलेश प्रताप सिंह, कृष्णकांत पांडे, योगेश मिश्रा, नागेश अग्निहोत्री, अलका सक्सेना, शिखा सक्सेना, संयोगिता भारद्वाज, सोनिका, चारु वार्ष्णेय, जितेंद्र सिंह सहित समस्त स्टाफ, आगंतुक विद्यार्थी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।





