प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया
शिकोहाबाद। विद्या भारती संस्कृति शिक्षा संस्थान, कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के तत्वावधान में छात्रोन्नयन हेतु प्रति वर्ष ‘संस्कृति बोध परियोजना’ के अंतर्गत विविध गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। इस परियोजना के अंतर्गत संस्कृति महोत्सव, संस्कृति प्रश्न मंच, निबंध प्रतियोगिता आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
इसी क्रम में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, केशवपुरम शिकोहाबाद में दिनांक 14 सितंबर 2025 को हिंदी दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय छात्र निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बाल, किशोर एवं तरुण वर्ग के भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
बाल वर्ग में बहन डॉली यादव, पुत्री श्री उमाशंकर जी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर भारतीय शिक्षा समिति, ब्रज प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री दुष्यंत कुमार जी ने विद्यालय परिवार की ओर से बहन डॉली एवं उनके परिजनों को हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्रा की इस सफलता में विद्यालय के संस्कृति बोध परियोजना प्रमुख श्री माताप्रसाद जी का विशेष मार्गदर्शन एवं परिश्रम उल्लेखनीय रहा।





