छात्राओं ने अद्भुत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया

आगरा। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस के अवसर पर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सुभाष पार्क की छात्राओं ने एक अद्भुत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम में छात्राओं ने नवरात्रि के नौ देवी स्वरूपों – शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री – का सजीव मंचन किया।
इस विशेष अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में गणित विशेषज्ञ श्रीमान करण सिंह धाकड़ जी उपस्थित रहे। साथ ही, विशिष्ट अतिथि के रूप में छात्राओं के अभिभावक श्री हर्देश वर्मा और श्री सुनील पाराशर जी भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ा रहे थे। अपने संबोधन में श्री करण सिंह धाकड़ ने कहा कि “समस्त बालिकाओं की रक्षा करना देवी पूजा के समान है। बेटियां आज शिक्षित होकर बेटों से भी आगे बढ़ रही हैं। जो समाज उनके ऊपर बंधन लगाता है, वही उनके सफल हो जाने पर उनके आगे नतमस्तक हो जाता है।”


श्री हर्देश वर्मा जी ने विद्यालय की प्रशंसा करते हुए इसे “संस्कारों की पाठशाला” कहा। उन्होंने कहा कि “यहां आयोजित प्रत्येक कार्यक्रम छात्राओं को हमारी सभ्यता और संस्कृति से परिचित कराता है।”

प्रधानाचार्य श्रीमती निधि तिवारी जी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा, “नवरात्रि के इस पावन अवसर पर हमें अपनी संस्कृति और परंपराओं की जानकारी देनी आवश्यक है। हर बेटी को देवी के रूप में सम्मान देना हमारी मानसिकता का हिस्सा होना चाहिए। हमें अपनी छात्राओं की प्रतिभा पर गर्व है।”
इसके अतिरिक्त, विद्यालय की छात्राओं ने आगरा के सुप्रसिद्ध जनकपुरी महोत्सव में भी मां भगवती के नौ स्वरूपों का मंचन किया था, जिसकी व्यापक सराहना हुई। जनकपुरी समिति ने उनकी प्रस्तुति की प्रशंसा करते हुए उन्हें पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीमती निधि तिवारी जी और श्री उम्मेद सिंह जी ने अतिथियों के साथ मां भगवती के नौ स्वरूपों की आरती की और सभी छात्र-छात्राओं को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। पूर्व छात्र श्रीमान सुनील पाराशर जी ने छात्राओं की अद्भुत प्रस्तुति की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए, कार्यक्रम में भाग लेने वाली नौ देवियों और कार्यक्रम तैयार करने वाली आचार्या बहन को सबसे उत्तम पेन (पार्कर) देने की घोषणा की। साथ ही, उन्होंने विद्यालय को एक उत्कृष्ट साउंड सिस्टम उपहार स्वरूप देने की भी घोषणा की।
विद्यालय परिवार ने उनके इस सहयोग के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।