विद्या भारती ब्रज प्रदेश कार्यालय रंगों से हुआ आलोकित
मथुरा, 27 फरवरी 2026। माधव कुंज स्थित विद्या भारती ब्रज प्रदेश कार्यालय में होली का पारंपरिक एवं सांस्कृतिक उल्लास के साथ आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यालय के सभी बंधु स्नेह एवं सौहार्द के वातावरण में एकत्रित हुए और रंगोत्सव का आनंद लिया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में भारतीय शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के उपाध्यक्ष श्री चंद्र प्रकाश द्विवेदी ने ब्रज की होली की विशिष्टता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ब्रज की होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की आत्मा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जैसे रंग जीवन को विविधता प्रदान करते हैं, वैसे ही हमें भी जीवन में प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता के रंगों को स्थायी रूप से धारण करना चाहिए।

विद्या भारती ब्रज प्रदेश के संगठन मंत्री श्री हरी शंकर जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि हृदयों को जोड़ने का पावन अवसर है। उन्होंने कहा कि जैसे विभिन्न रंग मिलकर सुंदरता का निर्माण करते हैं, वैसे ही समाज में विविधता, सहयोग और समरसता मिलकर राष्ट्र जीवन को सशक्त बनाती है।
भारतीय शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के कोषाध्यक्ष डॉ. राकेश सारस्वत ने कहा कि ब्रज की होली विश्वविख्यात है और इसकी सांस्कृतिक गरिमा अद्वितीय है। उन्होंने ब्रजभूमि की परंपराओं को जीवंत बनाए रखने पर बल दिया।
प्रदेश निरीक्षक (नगरीय शिक्षा) श्री यशवीर सिंह ने सभी को होली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पर्व प्रत्येक जीवन में उत्साह, उमंग और नवचेतना का संचार करे।
सरस्वती विद्या मंदिर ब्रज प्रदेश प्रकाशन के निदेशक डॉ. रामसेवक ने होली के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसकी प्राचीन परंपराओं से सभी को अवगत कराया। क्षेत्रीय शारीरिक शिक्षा संयोजक श्री होड़िल सिंह ने होली की प्रेरक कथा सुनाकर वातावरण को उल्लासमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान सरस्वती साहित्य प्रकाशन के व्यवस्थापक श्री हुकुम चंद्र गोला ने होली गीत प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। अंत में सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर, गले मिलकर और शुभकामनाएँ देकर आपसी स्नेह और आत्मीयता को सुदृढ़ किया। कार्यक्रम का संचालन सह प्रदेश निरीक्षक श्री हरवीर सिंह चाहर ने किया।
इस अवसर पर कार्यालय बंधुओं में श्री सुरेन्द्र कुमार गोला, श्री राजेंद्र कुमार, श्री राकेश पाठक, श्री अमर सिंह, श्री नवल जी, श्री विश्वेंद्र गौतम, श्री मुकेश चंद्र वर्मा, श्री राहुल अग्निहोत्री, श्री कृष्णा, श्री सौरभ कुशवाह, श्री मनोज, श्री विवेक कुमार, श्री सचिन चौधरी, श्री वृंदावन, श्री भागवत शरण तथा सोशल मीडिया प्रमुख श्री कुमार प्रखर सहित अनेक बंधु उपस्थित रहे।





