बरेली की आकांक्षा सक्सेना ने पीसीएस में पाई सफलता
बरेली। कान्ती कपूर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बरेली की पूर्व छात्रा श्रीमती आकांक्षा सक्सेना का उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षा 2024 में चयन हुआ है। घोषित परिणाम (30 मार्च 2026) के अनुसार उन्होंने प्रथम प्रयास में ही 251वीं रैंक प्राप्त कर विद्यालय एवं जनपद का गौरव बढ़ाया है।
वर्तमान में आकांक्षा प्राथमिक विद्यालय बिचपुरी में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में निरंतर परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ यह उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। आकांक्षा ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी माता, परिवार एवं गुरुजनों को दिया है।
विद्यालय में आयोजित वार्षिक परीक्षाफल वितरण कार्यक्रम के अवसर पर आकांक्षा सक्सेना को विद्यालय परिवार द्वारा सम्मानित कर शुभकामनाएँ प्रदान की गईं। इस अवसर पर विद्यालय की अध्यक्षा श्रीमती दीप्ति रानी, व्यवस्थापिका श्रीमती मोना शर्मा, श्रीमती विनीता सिंह, पूर्व अध्यक्षा श्रीमती रश्मि शर्मा, पूर्व व्यवस्थापिका श्रीमती सरोज अग्रवाल तथा प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने आकांक्षा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।





