संजय विद्या मंदिर में जिला स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता संपन्न
विद्या भारती से संबद्ध संजय कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, शाहजहाँपुर में गुरुवार को जिला स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।
जिसमें मेज़बान संजय कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के अतिरिक्त सरदार पटेल इंटर कॉलेज, देवी प्रसाद इंटर कॉलेज तथा राजकीय इंटर कॉलेज, शाहजहाँपुर के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। आयोजन बालक वर्ग में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 तथा बालिका वर्ग में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 श्रेणियों में किया गया। खिलाड़ियों ने पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ लक्ष्यभेदन का शानदार प्रदर्शन करते हुए उपस्थित सभी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

प्रतियोगिता के परिणामों के आधार पर संजय विद्या मंदिर के कुल 22 छात्र-छात्राओं का चयन मंडल स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ियों में अंडर-19 के ओम शौर्य सक्सेना एवं उपमन्यु अग्निहोत्री, अंडर-17 वर्ग से अंशु मिश्रा, अक्षत पांडे एवं कायनात प्रमुख रहे, जबकि अंडर-14 वर्ग से आराध्या पटेल का चयन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। इसके अलावा अन्य चयनित खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
अब चयनित सभी खिलाड़ी 7 अगस्त को बरेली में आयोजित मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में राजकीय इंटर कॉलेज के रत्नेश शुक्ला एवं रामकुमार तथा संजय कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की अदिति यादव, वेद प्रकाश, योगेंद्र सिंह एवम् रेनू यादव ने निर्णायक की भूमिका का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। निर्णायकों ने निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ सभी वर्गों की प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सत्येंद्र कुमार सिंह एवं उप-प्रधानाचार्य बसंत कुमार त्रिवेदी उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि तीरंदाजी जैसे खेल विद्यार्थियों में धैर्य, एकाग्रता, अनुशासन एवं आत्मविश्वास का विकास करते हैं। उन्होंने सभी चयनित प्रतिभागियों को मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दीं और निरंतर अभ्यास के लिए प्रेरित किया।





