‘प्रज्ञा प्रवाह’ हस्तलिखित पत्रिका का विमोचन
बरेली। सरस्वती विद्या मंदिर, भुर्जी टोला, आँवला में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने हेतु विद्यालय की वार्षिक हस्तलिखित पत्रिका ‘प्रज्ञा प्रवाह’ का भव्य विमोचन समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि श्री होड़िल सिंह जी (क्षेत्रीय संयोजक शारीरिक शिक्षा), श्री गौरवित खंडेलवाल जी (कोषाध्यक्ष सरस्वती शिशु मंदिर) एवं विद्यालय प्रधानाचार्य श्री गवेन्द्र सिंह चौहान की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती की वन्दना के साथ हुआ।
कार्यक्रम संचालनकर्ता आचार्य सुधांशु गुप्ता रहे। जिनके द्वारा अतिथि परिचय के पश्चात आचार्य अखिल गुप्ता एवं पंकज सिंह द्वारा अतिथि महोदय का पटका पहनाकर स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा प्रेरक प्रसंग के माध्यम से अपने वक्तव्य में गुरु के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
विद्यालय प्रधानाचार्य गवेंद्र सिंह चौहान ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि हस्तलिखित पत्रिका विद्यार्थियों की सृजनात्मकता, मौलिक चिंतन एवं साहित्यिक अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है।

गौरवित खण्डेलवाल जी द्वारा विद्यार्थियों को निरन्तर अध्ययन, लेखन एवं सृजनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया गया।
पत्रिका में सपना वर्मा, दिव्यांशु शर्मा, श्रेया चन्द्रा, सरयू देवकर, दिव्यांश माहेश्वरी हिमांशु यादव आदि छात्र-छात्राओं द्वारा लिखी गई प्रेरणादायी कविताएँ, लेख, कहानियाँ, अनुभव, संस्कारपरक प्रसंग एवं विविध ज्ञानवर्धक सामग्री का सुंदर संकलन प्रस्तुत किया गया है। उपस्थित अतिथियों ने पत्रिका का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता की सराहना की तथा इसे विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षिक एवं सांस्कृतिक उपलब्धि बताया।
प्रज्ञा प्रवाह पत्रिका के परामर्श मंडल में आचार्य धर्मेंद्र कुमार आचार्या कमलेश मौर्य एवं निदेशक सुधांशु गुप्ता रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।





