स्वामी विवेकानंद जयंती पर स्वदेशी संकल्प कार्यक्रम का आयोजन
शाहजहांपुर। दिनांक 12 जनवरी 2026 को संजय कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में स्वामी विवेकानंद जयंती (राष्ट्रीय युवा दिवस) के उपलक्ष्य में स्वदेशी संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रबंध समिति के सदस्य छोटे सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी नागरिकों को स्वदेशी को आत्मसात करना चाहिए। यदि प्रत्येक नागरिक स्वदेशी को अपनाए, तो भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बन सकता है।
मुख्य वक्ता आचार्य प्रदीप सिंह ने स्वामी विवेकानंद जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्श चरित्र एवं प्रेरणादायक विचारों से सभी को अवगत कराया। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने तथा उसे एक आंदोलन के रूप में अपनाकर समाज में जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया।

तत्पश्चात्,आचार्य गौरव कुमार मिश्र ने छात्रों को शपथ दिलाई— “मैं स्वदेशी अपनाऊँगा, स्वदेशी बढ़ाऊँगा, विदेशी निर्भरता कम करूँगा और आत्मनिर्भर भारत बनाऊँगा।”
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य सौरव वार्ष्णेय ने मुख्य अतिथि के प्रति आभार व्यक्त करते हुए स्वदेशी उत्पादों को अपनाने के संकल्प को पुनः दोहराया।
कार्यक्रम के समापन के पश्चात स्वदेशी संकल्प के अंतर्गत एक दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका मार्ग विद्यालय से मनोकरण मंदिर, रेती तक रहा। इस अवसर पर आचार्य योगेंद्र सिंह, वेद प्रकाश पटेल, रामबाबू मिश्र, मनपाल सिंह, अमित सिंह, विशेष कुमार सहित विद्यालय के समस्त आचार्यगण उपस्थित रहे।





