विद्या भारती ब्रज प्रदेश द्वारा प्रचार प्रमुखों की बैठक सम्पन्न

सोशल मीडिया, लेखन, प्रस्तुतीकरण एवं प्रचार तकनीकी विषयों पर मिला प्रशिक्षण।
हाथरस। विद्या भारती ब्रज प्रदेश से सम्बद्ध भारतीय शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश, भारतीय शिक्षा समिति पश्चिम उत्तर प्रदेश एवं भारतीय श्री विद्या परिषद द्वारा संयुक्त रूप से संचालित 12 जनपदों के विद्यालयों के प्रचार प्रमुखों की एक दिवसीय कार्यशाला सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लेवर कॉलोनी, हाथरस में सम्पन्न हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या भारती ब्रज प्रदेश के संगठन मंत्री श्री हरी शंकर, प्रदेश निरीक्षक श्री यशवीर सिंह एवं शैक्षिक प्रमुख डॉ. राकेश सारस्वत ने माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री लोकेन्द्र नाथ शर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का परिचय कराया तथा विद्यालय प्रबंधक श्री मनोज कुमार अग्निहोत्री ने सभी अतिथियों का शॉल पहनाकर एवं पुष्प देकर स्वागत किया। कार्यशाला में प्रमुख रूप से प्रचार विभाग की भूमिका, सोशल मीडिया की आवश्यकता, लेखन-कौशल, डिजिटल बुलेटिन निर्माण, संवाद संप्रेषण एवं तकनीकी पहलुओं पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया गया।

मुख्य अतिथि श्री हरी शंकर, संगठन मंत्री, विद्या भारती ब्रज प्रदेश ने कहा कि प्रचार विभाग वर्तमान समय की अत्यंत महत्वपूर्ण आवश्यकता है। प्रत्येक विद्यालय को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हुए प्रेरणादायक समाचारों के माध्यम से अपनी पहचान बनानी चाहिए। प्रचार प्रमुखों को योजना के अनुसार नियमित कार्य करते हुए विद्यालय की छवि समाज के समक्ष प्रस्तुत करनी चाहिए।
डॉ. राकेश सारस्वत, शैक्षिक प्रमुख, विद्या भारती ब्रज प्रदेश ने कहा कि लेखन, संप्रेषण, प्रस्तुतीकरण एवं समाज से संवाद—एक प्रचार प्रमुख के लिए आवश्यक गुण हैं। उन्होंने ब्लॉग लेखन तथा डिजिटल बुलेटिन जैसे माध्यमों की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला।

धर्मेन्द्र कुमार शर्मा, प्रचार प्रमुख, विद्या भारती ब्रज प्रदेश ने सोशल मीडिया के उपयोग, उसकी संभावनाओं एवं प्रभावों पर चर्चा की। उन्होंने सोशल मीडिया से जुड़े कानूनों व जिम्मेदारियों की भी जानकारी दी।
फोटो पत्रकार श्री विवेक मिश्रा ने प्रचार कार्य में फ़ोटोग्राफ़ी के महत्व तथा मोबाइल से अच्छी तस्वीरें लेने की तकनीकें साझा कीं।
प्रान्त संवाददाता डॉ. राम सेवक ने समाचार लेखन की बारीकियों, तथ्य संकलन, शीर्षक चयन एवं प्रस्तुतीकरण पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।

सोशल मीडिया एडमिन श्री कुमार प्रखर ने तकनीकी उपकरणों, प्लेटफ़ॉर्म के एल्गोरिद्म, पोस्टिंग के समय और ग्राफिक्स उपयोग आदि विषयों पर जानकारी दी।
प्रदेश निरीक्षक श्री यशवीर सिंह ने प्रचार विभाग की निरंतर सक्रियता और विद्यालय स्तर पर जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर 12 जनपदों से 40 प्रचार प्रमुख उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के उपाध्यक्ष श्री शरद तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय आचार्य श्री राजेश शर्मा ने किया।