कौशल विकास केन्द्र से युवाओं को मिलेगा रोजगार, बनेंगे आत्मनिर्भर – राकेश गुप्ता
वृन्दावन, 15 मार्च 2026 (रविवार)। शिक्षा कायाकल्प न्यास के तत्वावधान में तथा समर्थ भारत के सहयोग से सत्या देवी गर्ग सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, कैलाश नगर वृन्दावन (मथुरा) में कौशल विकास प्रशिक्षण केन्द्र की स्थापना एवं संचालन की प्रारंभिक योजना बनाई गई है। इस उद्देश्य से केन्द्र के शीघ्र संचालन तथा योजना के क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श और आगे की रूपरेखा तय करने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में बताया गया कि इस प्रशिक्षण केन्द्र के माध्यम से युवाओं को घरेलू उपकरणों के रखरखाव एवं मरम्मत का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के अंतर्गत रेफ्रिजरेटर, एयर कंडीशनर, वाशिंग मशीन तथा आरओ प्लांट जैसे उपकरणों की सर्विसिंग और रिपेयरिंग के कोर्स संचालित किए जाएंगे। इससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
बैठक में दिल्ली से आए समर्थ भारत केन्द्र के अखिल भारतीय सहसंयोजक श्री राकेश गुप्ता ने कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण आज के समय की महती आवश्यकता है। ऐसे प्रशिक्षण केन्द्र युवाओं को रोजगारोन्मुखी शिक्षा प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं की सहमति से श्री नरेंद्र दत्त शर्मा को प्रशिक्षण केन्द्र का केंद्र प्रमुख नियुक्त किया तथा विद्यालय परिसर में प्रस्तावित प्रशिक्षण केन्द्र का निरीक्षण भी किया।
इस अवसर पर शिक्षा कायाकल्प न्यास के मंत्री श्री शिवेंद्र गौतम, श्री पुष्कर शर्मा, श्री बांके बिहारी शर्मा तथा श्री नितिन सोनी ने भी केन्द्र की स्थापना को समाज और युवाओं के हित में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
बैठक में विद्यालय के अध्यक्ष श्री चंद्र प्रकाश द्विवेदी, सह प्रबंधिका निधि गर्ग, कोषाध्यक्ष श्री दीपक अग्रवाल, प्रधानाचार्य श्री नरेंद्र दत्त शर्मा, रामकली देवी विद्यालय के प्रबंधक श्री हरिवंश खंडेलवाल, सरस्वती विद्या मंदिर ब्रज प्रदेश प्रकाशन के निदेशक डॉ. राम सेवक, वृंदावन नगर संघचालक श्री प्रेम शंकर वैद्य, परमेश्वरी देवी धानुका सरस्वती विद्या मंदिर से श्री देवेंद्र गौतम, श्री अरुण जी (जिला कार्यवाह), विद्यालय के आचार्य-आचार्या तथा स्थानीय टोली के सदस्य उपस्थित रहे।
इस दौरान श्री प्रेम शंकर वैद्य ने प्रशिक्षण केन्द्र में तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ संस्कार आधारित प्रशिक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। अंत में विद्यालय अध्यक्ष श्री चंद्र प्रकाश द्विवेदी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।





